सीतापुर। दीपावली के बाद छठ महापर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने गोरखपुर-दिल्ली के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन का सीतापुर जंक्शन पर दोनों ओर से ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे जिले के यात्रियों को दिल्ली, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और गोरखपुर की ओर सफर करने में सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन
रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 05113 गोरखपुर-दिल्ली विशेष ट्रेन 17 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। बस्ती और गोंडा होते हुए शाम 7:45 बजे सीतापुर जंक्शन पहुंचेगी। यहां से शाहजहांपुर और मुरादाबाद के रास्ते अगले दिन सुबह 5:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05114 दिल्ली-गोरखपुर विशेष ट्रेन 18 नवंबर को सुबह 8:10 बजे दिल्ली से चलेगी। गाजियाबाद और मुरादाबाद होते हुए शाम 4:55 बजे सीतापुर जंक्शन पहुंचेगी। यहां से गोंडा और बस्ती के रास्ते रात 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।