फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: एनएच के थानों में गठित होगी स्पेशल टीम

Sat, 08 Nov 2025 12:47 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 30 पर कुल 11 ब्लैक स्पॉट हैं। यह सभी ब्लैक स्पॉट छह थाना क्षेत्रों खैराबाद, रामकोट, महोली, इमलिया सुल्तानपुर, अटरिया और कमलापुर में हैं। इन ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा के बेहतर उपाय करने के लिए नए सिरे से कवायद की जाएगी। एनएच के इन थानों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाले सभी थाना क्षेत्रों में भी स्पेशल टीमों का गठन किया जाएगा।
विज्ञापन

यह सभी टीमें यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के उपाय करेंगी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं व हादसों में मृत्यु दर को कम करने के लिए यातायात पुलिस लगातार कवायद में जुटी है। पुलिस महानिदेशक ने भी सड़क सुरक्षा उपायों के लिए यातायात पुलिस के साथ साथ स्थानीय थानों की पुलिस की भूमिका भी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक थाने में दुर्घटनाओं की जांच के लिए स्थानीय पुलिस कर्मियों की एक विशेष टीम बनाई जाएगी।
साथ ही यातायात माह में विशेष अभियान चलाते हुए सड़क सुरक्षा उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा ताकि सड़क हादसों की संख्या में कमी आने से ब्लैक स्पॉट भी कम हो सके। (संवाद)
विज्ञापन


इन बिंदुओं पर होगा काम
शिक्षा- स्कूल कॉलेजों में छात्र छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम, वाहन चालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, आम जनमानस के लिए जागरूकता कार्यक्रम, सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से सड़क सुरक्षा उपायों का प्रचार प्रसार होगा।
प्रवर्तन- सड़क दुर्घटना के घातक कारणों ओवरस्पीडिंग, मादक द्रव्य पीकर वाहन चलाना, पिलियन राइडर यानि दोपहिया वाहन में पीछे बैठने वाले व्यक्ति द्वारा हेलमेट न लगाना, वाहन चलाते समय फोन का प्रयोग करना व यातायात के अन्य नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई
इंजीनियरिंग- नेशनल हाईवे व ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों के लिए लघु स्तर पर रणनीति बनाकर सड़क इंजीनियरिंग की समस्याओं को दूर करना, राजमार्गों नगर, रिहायशी क्षेत्रों व अन्य मार्गों पर अवैध कट को बंद करवाना, सड़क पर जरूरी डिवाइडर का संकेतकों के साथ निर्माण, सड़क पर गड्ढे भरवाना, रोड रिफलेक्टर लगवाना व अन्य कार्य
आपातकालीन देखभाल- फस्ट एड प्रशिक्षण, राहवीर योजना का प्रचार प्रसार, दुर्घटना की प्रत्येक सूचना पर स्थानीय थाने की टीम का तत्काल पहुंचना व गोल्डन ऑवर में चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना।
पर्यावरण- मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न व हूटर के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही, वायु प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्यवाही
प्रशिक्षण- यातायात संकेतों के संचालन का प्रशिक्षण, क्रैश इंवेस्टीगेशन, पार्किंग प्रबंधन, आईरैड व ई डॉर एप पर डाटा फीडिंग, लंबित चालानों को वी कोर्ट पर भेजकर निस्तारण कराना।

विशेष टीम में होंगे एक उपनिरीक्षक व दो आरक्षी
सुरक्षित सफर की कवायद के लिए एनएच के प्रत्येक थाने से एक उपनिरीक्षक व दो आरक्षियों की टीम को विशेष तौर पर हिस्सा बनाया गया है। यह टीम विशेष रूप से अपने थाना क्षेत्र में लोगों को जागरूक बनाने के साथ ही तय छह मुख्य बिंदुओं पर काम करने के साथ ही प्रवर्तन की कार्यवाही भी करेंगी।
विज्ञापन

फरीद अहमद, यातायात निरीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें