सिधौली में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते पदाधिकारी। संवाद
सिधौली। सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अवनीश कुमार को दिया। सपा के प्रदेश सचिव रामपाल भार्गव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश का किसान, छात्र, व्यापारी व अन्य वर्ग समस्याओं से परेशान है। किसान खाद की किल्लत व कालाबाजारी से त्रस्त हैं। ऑनलाइन खाद बिक्री में भी समस्याएं आ रही हैं। इसके अतिरिक्त नीट का पेपर लीक होना छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ है। ज्ञापन में रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश वापस लेने और समस्याओं का निदान की बात कही गई। इससे पहले कस्बे के बस स्टॉप से सपा कार्यकर्ताओं व छात्रों ने हाथों में बैनर लेकर नारेबाजी की और प्रदर्शन करते हुए तहसील मुख्यालय तक पैदल मार्च किया। इस दौरान सचिन यादव, विद्यासागर यादव, अभिषेक यादव, रंजीत यादव, प्रशांत यादव, विशाल भार्गव, मानसिंह यादव आदि मौजूद रहे। (संवाद)
सपाइयों व कांग्रेसियों ने किया पैदल मार्च
महोली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार देर शाम कस्बे में मशाल जुलूस निकाला। बाबा बैजनाथ धाम पर एकत्रित हुए सपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पैदल मार्च किया। प्रमुख मार्ग से होते हुए कोतवाली के निकट अंबेडकर पार्क में पैदल मार्च का समापन किया गया। इस दौरान मोनू दीक्षित, रमेश शुक्ल, सतीश अग्निहोत्री, आदित्य लोधी, अश्वनी त्रिपाठी, राहुल शुक्ल, रजनीश यादव, हर्षित गुप्ता, गौरव अग्निहोत्री, पुनीत शुक्ल आदि मौजूद रहे। (संवाद)