दोपहर के समय छाई बदली में चौराहे पर निकालते राहगीर।
सीतापुर। जिले में सोमवार को मौसम के विभिन्न रूप देखने को मिले। सुबह आसमान में बादल छाए रहे, कई क्षेत्रों में हल्की तो कहीं झमाझम बारिश हुई, वहीं शहर में दोपहर बाद धूप निकल आई। कुछ ही समय बाद मौसम का मिजाज फिर बदला और बादल छा गए। बारिश व बदरी और हल्की हवा से मौसम पूरे दिन सुहाना रहा। इससे लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही, जिससे दिनभर मौसम सुहाना बना रहा। कमलापुर, सिधौली, जलालपुर, थानगांव में दोपहर को रिमझिम, जबकि महमूदाबाद में झमाझम बारिश हुई।
शहर में दोपहर करीब तीन बजे धूप निकल आई, जिससे एक पल के लिए लगा कि मौसम साफ हो गया है, लेकिन कुछ समय बाद ही आसमान में फिर से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और कहीं छिटपुट तो कहीं तेज बारिश होने के आसार हैं।