फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: 462 तोते बोलेरो में ले जा रहा था तस्कर, एसटीएफ ने दबोचा

Sun, 17 Mar 2024 12:08 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कमलापुर। थाना क्षेत्र में शनिवार को एसटीएफ ने तोता तस्कर को दबोच लिया। उसके पास से 462 तोते भी बरामद किए गए। ये तोते वह गोरखपुर ले जाकर बेचने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ टीम ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
विज्ञापन


खैराबाद के पहाड़पुर गांव निवासी रईस अहमद (39) लंबे समय से तोते की तस्करी कर रहा था। शनिवार को वह बोलेरो में 462 तोते पिंजरे में कैद कर गोरखपुर लेकर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना पर एसटीएफ के उप निरीक्षक अमित तिवारी ने फोर्स व डिप्टी रेंजर अभिषेक सिंह के साथ दाऊदपुर नर्सरी के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे मोर्चा संभाल लिया। थोड़ी देर बाद बोलेरो आती दिखी। घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो को रोका गया। इस दौरान आरोपी ने बोलेरो की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन संयुक्त टीम ने उसे रोक लिया। एसटीएफ ने बोलरो से प्रतिबंधित प्रजाति के 462 तोते बरामद किए। वहीं, आरोपी रईस अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया। बोलेरो को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

पीलीभीत वनक्षेत्र से ला रहा था तोते
अमित तिवारी ने बताया कि कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि पीलीभीत के वनक्षेत्र से प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों की तस्करी हो रही है। शनिवार को सटीक सूचना मिलने पर आरोपी को पकड़ा गया। इन तोतों को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
विज्ञापन

वन्यजीवों के लिए काम करने वाली संस्था ने जारी किया था पंफलेट, एसटीएफ ने लिया संज्ञान
वन्यजीवों के लिए काम करने वाली संस्था ने पैरेट्स ऑफ इंडिया इल्लीगल ट्रेड शीर्षक से एक पंफलेट जारी किया था। इसमें भारत से तोतों की विभिन्न प्रजातियों की तस्करी का उल्लेख किया गया था। इसका एसटीएफ ने संज्ञान लिया। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने जानकारी जुटाना शुरू की। इस दौरान रईस अहमद के बारे में जानकारी मिली। पता चला कि रईस शनिवार को पीलीभीत से प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों को लेकर गोरखपुर जाएगा। इसी दौरान उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि रईस पीलीभीत व रामपुर के शिकारियों से विभिन्न प्रजाति के तोते इकट्ठा करवाता है, जिसकी लखनऊ, सीतापुर व गोरखपुर में सप्लाई करता है। उस पर कमलापुर थाने में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें