सत्तारूढ़ सपा को ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में करारा झटका लगा है। 10 ब्लॉकों में से छह पर सपा प्रत्याशी हार गए। इन सीटों पर सपा के बागियों ने कब्जा जमाया है। जबकि चार सीटों में से प्रदेश के कारागार राज्यमंत्री रामपाल राजवंशी की पत्नी रामा देवी समेत सपा समर्थित उम्मीदवार जीत गए।
रविवार को यहां के 10 ब्लॉकों में ब्लॉक मुख्यालय पर मतदान के बाद मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराई गई। नौ ब्लॉकों में पहले ही निर्विरोध प्रमुख चुने जा चुके हैं। सुबह 11 बजे से शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शाम चार बजे तक चली।
इस दौरान डीएम डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव और एसपी पवन कुमार मतदान स्थलों का जायजा लेते रहे। जिले की 19 ब्लॉकों में से सात पर अकेला नामांकन होने से पांच फरवरी को ही प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। छह को नाम वापसी के बाद नौ ब्लॉकों में सपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
रविवार को ब्लॉक मिश्रिख, परसेंडी, सकरन, बिसवां, पिसावां, एलिया, पहला, मछरेहटा, सिधौली व लहरपुर में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इन ब्लॉकों में सुबह से ही गहमागहमी दिखने लगी थी। पुलिस व प्रशासन के अफसर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के साथ मतदान स्थलों पर मुस्तैद हो गए।
सुबह 11 बजे से मतदान शुुरू हो गया, जो दोपहर तीन बजे तक चला। मतदान के बाद मतगणना के बाद विजयी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। सत्तारूढ़ सपा के लिए नतीजे चौंकाने वाले रहे।
10 में से छह सीटों मिश्रिख, परसेंडी, सकरन, बिसवां, पिसावां व एलिया पर सपा समर्थित उम्मीदवारों को हार का मुंह देखना पड़ा है। जबकि पहला, मछरेहटा, सिधौली व लहरपुर में सपा समर्थित प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं।