स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के स्थायी इंतजाम नहीं किए गए। किशोर की मौत गहरे पानी में डूबने से हुई है।
नैमिषारण्य स्थित गोमती राजघाट पर मंगलवार को एक 11 वर्षीय किशोर की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लकड़ियामऊ निवासी सुमित कुमार पुत्र राम सागर के रूप में हुई है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
साथियों के साथ नहाने गया था सुमित
सुमित कुमार अपने साथियों के साथ राजघाट पर गोमती नदी में स्नान करने उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के स्थायी इंतजाम नहीं किए गए। श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि राजघाट सहित प्रमुख स्नान घाटों पर जल पुलिस, प्रशिक्षित गोताखोर, चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
विज्ञापन
पुलिस ने शुरू की जांच: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। बालक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।