सदरपुर। सदरपुर इलाके के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुरवल में बुधवार को आयरन सहित तमाम दवाइयां जला दी गईं। ग्रामीणों को इसकी जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। यह दवाएं किसने जलाईं यह अभी तक स्वास्थ्य विभाग भी पता नहीं कर सका है। जबकि यह एक्सपायर्ड नहीं थीं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुरवल पर कोई भी सुविधा नहीं है। न तो यहां पर डॉक्टर आते हैं, न ही मरीजों को प्राथमिक सुविधाएं मिल रही हैं। कुछ दवाएं मरीजों को वितरित करने के लिए सीएचसी से आती रहती हैं। बुधवार को पीएचसी के बाहर खुले में दवाएं जलाई जा रही थीं।
ग्रामीणों को जब दवाएं जलने की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंच गए। तत्काल आग को बुझा दिया। इसके बाद सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। महमूदाबाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय वर्मा ने बताया खुरवल में इतनी दवाई ही नहीं भेजी जाती हैं कि जलाना पड़े। अगर ऐसा है तो जांच कराई जाएगी।