सीतापुर। हाईवे जाम सहित अन्य धाराओं में सपा नेत्री गीता सिंह के खिलाफ इमलिया सुल्तानपुर थाने में दर्ज मुकदमे को लेकर बुधवार को सपा नेताओं ने एसपी से मुलाकात की है। नेताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सपा नेत्री गीता सिंह का बचाव किया है।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के हेमपुर गांव के पास हाईवे के किनारे मिट्टी निकलने से बने तालाब में इमलिया सुल्तानपुुुर थाना क्षेत्र के हेमपुर गांव निवासी रघुवंश 28 पुत्र इंद्र विक्रम की तालाब में नहाने समय डूबकर मौत हो गई थी। इसको लेकर सपा नेत्री गीता सिंह सहित एक सैकड़ा अज्ञात लोगों के खिलाफ हाईवे जाम सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मुकदमे को लेकर बुधवार को सपा नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की है। इस बाबत सपा जिला अध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव का कहना है कि वह लोग एसपी से मिलने गए थे, लेकिन एसपी से मुलाकात नहीं हो पाई। जिसके चलते उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की है। उनका कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
उनका दावा है कि हाईवे जाम के वक्त गीता सिंह उधर से गुजरते हुए अपने गांव जा रही थी। तभी वहां भीड़ जमा थी। इस मामले में उनका कोई वास्ता नहीं है। लिहाजा इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष के अलावा पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, पूर्व विधायक राधेश्याम जयसवाल, महेंद्र सिंह झीन बाबू, युवा नेता अफजाल कौसर, अंकित त्रिवेदी आदि मौजूद थे