सीतापुर। हेमपुर रेलवे स्टेशन के पास हाईवे पर स्थित रेलवे गेट के ट्रैक को दुरुस्त किया जाएगा। इसके चलते दो दिन हाईवे से आवागमन बंद रहेगा। हाईवे बंद करने को लेकर रेल महकमे ने बाकायदा कई संबंधित विभागों को अवगत भी करा दिया है।
सीतापुर उत्तर रेलवे सिटी के रेलपथ के वरिष्ठ खंड अभियंता एपी त्रिपाठी ने बताया कि हेमपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित गेट संख्या 45/ए के ट्रैक का दिवार्षिक अनुरक्षण कार्य के लिए आठ व नौ अगस्त को रेलवे विभाग द्वारा गेट को बंद किया जाएगा।
इस गेट से होकर हाईवे पर आठ अगस्त की सुबह आठ बजे से नौ अगस्त शाम छह बजे तक कोई भी वाहन पास नहीं हो सकेगा। इस दौरान रेलवे लाइन व स्लीपर भी बदले जाएंगे। यह काम रेलवे के सुरक्षित संचालन के लिए बेहद जरूरी है। इसी वजह से हाईवे से आवागमन भी बंद किया जा रहा है। हालांकि रेल विभाग ने खास तौर से यह कार्य लॉकडाउन के दिनों यानी शनिवार व रविवार को रखा है।
दो दिन हाईवे बंद रहने को लेकर रेलवे विभाग ने एसपी आरपी सिंह के अलावा संबंधित इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस, नगर पालिका सीतापुर, निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल व सीतापुर स्टेशन अधीक्षक को भी अवगत करा दिया है।
रेलवे विभाग के जिम्मेदारों ने बताया कि हेमपुर रेलवे स्टेशन के पास हाईवे पर बंद होने से लोग सड़क यातायात गेट संख्या 44 चमखर व गेट संख्या 43 रिछाही से छोटे वाहन निकल सकेंगे। जबकि भारी वाहन महोली, बड़ागांव, इमलिया सुल्तानपुर होते हुए आगे जा सकते हैं। पूरब दिशा से आने वाले वाहन मिश्रिख, महोली होते हुए आगे निकल सकेंगे।