सीतापुर के मिश्रिख मेला महोत्सव में भजन प्रस्तुत करती मैथिली ठाकुर।
सीतापुर। महर्षि दधीचि की तपोभूमि मिश्रिख में चल रहे होली मेला महोत्सव का मंच सोमवार की रात प्रसिद्घ भजन गायिका मैथिली ठाकुर के नाम रहा। सांस्कृतिक पंडाल में मैथिली ठाकुर के भजनों की रसधार में दर्शक सराबोर हो गए। मैथिली ठाकुर ने एक के बाद एक भजनों से सुरों की ऐसी महफिल सजाई कि देर रात तक हर कोई भक्ति भाव में लीन रहा।
भजन संध्या की शुरुआत मैथिली ठाकुर ने भगवान गणेश की स्तुति से की। इसके बाद काली कमली वाला मेरा यार है... सजा दो घर को गुलशन सा.... और नगरी हो अयोध्या सी.. इत्यादि श्रृंखला बद्घ भजनों से मैथिली ठाकुर ने वातावरण भक्तिमय कर दिया। वाद्य यंत्रों संग मैथिली के सुरों की जुगलबंदी का असर यह कि हर कोई मंत्रमुग्ध दिखाई दिया। पंडाल के अंदर मौजूद प्रत्येक व्यक्ति भजनों पर खुद को झूमने से नहीं रोक पाया। तालियों की गड़-गड़ाहट से पंडाल रह-रहकर गूंजता रहा।