सीतापुर जिले के रेउसा में सोमवार को तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के समय दोनों भाइयों ने हेलमेट नहीं लगाया था। वहीं, पिकअप भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई।
थानगांव के रंगवा लोनियनपुरवा निवासी सुशील (25) अपने चचेरे भाई सूरज (17) के साथ बाइक से अपनी ननिहाल गोधनी सरैया जा रहे थे। पल्हरी गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप की बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर लगने से दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
उधर बाइक में टक्कर मारने के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।