अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के लॉस एंजेल्स में हुई 17वीं वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम में सीतापुर द्वितीय वाहिनी पीएसी में तैनात प्लाटून कमांडर चंद्रहास कुशवाहा ने स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है।
यह प्रतियोगिता 7 से 16 अगस्त के बीच हुई थी। प्रतियोगिता के बाद सीतापुर लौटने पर रविवार को सेनानायक विनोद सिंह ने प्लाटून कमांडर को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इससे पहले भी एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन कर चंद्रहास दो आउट ऑफ टर्न पदोन्नति हासिल कर चुके हैं। उनकी भर्ती आरक्षी पद पर पीएसी बाराबंकी में हुई थी।
गाजीपुर जिले के थाना मोहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम बखारीपुर निवासी चंद्रहास कुशवाहा 1998 में पीएसी में आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे।
10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में तैनाती के दौरान चंद्रहास ने 2006 में नई दिल्ली में आयोजित 55वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। इस पर उन्हें मुख्य आरक्षी पीएसी के पद पर आउट ऑफ टर्न पदोन्नति मिली।
2009 में चेन्नई में आयोजित 57वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने पर आउट ऑफ टर्न से प्लाटून कमांडर के पद पर पदोन्नति दी गई। वर्तमान में इनकी तैनाती द्वितीय वाहिनी पीएसी सीतापुर में है।
यहां से उन्हें अमेरिका के लॉस एंजेल्स में होने वाली 17वीं वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम में हिस्सा लेने भेजा गया था। अगस्त में हुई इस प्रतियोगिता में चंद्रहास ने डेकाथलॉन, हाईजंप व जेबलिन थ्रो में स्वर्ण पदक, डिस्कस थ्रो में रजत पदक और पोलावॉट में कांस्य पदक हासिल किया।
उनके इस प्रदर्शन से विश्व स्तर पर देश व सीतापुर का नाम रौशन हुआ है। प्रतियोगिता से लौटने पर रविवार को सेनानायक विनोद सिंह ने उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चंद्रहास को पांच हजार की नगद धनराशि से पुरस्कृत किया। समारोह में उप सेनानायक सुखराम भारती, सुरेंद्र विक्रम सिंह, जटाशंकर पाठक, रामदुलार, पारसनाथ आदि मौजूद थे।