सीतापुर। साहब...गांव में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए गाटा संख्या 44 बंजर भूमि चिह्नित की गई है। इस जमीन पर गांव के ही कई लोग निर्माण नहीं होने दे रहे हैं जबकि अन्य ग्रामीण उक्त स्थान पर ही भवन निर्माण कराने की मांग कर रहे हैं।
यह फरियाद लहरपुर के बालापुरवा से आए विनोद कुमार, ओमकार वर्मा, रिंकू वर्मा, रामशरण, कुंदन, सुरेंद्र, विशाल, अजीत, पंकज व अन्य ने थाना समाधान दिवस में शनिवार को अधिकारियों से की। अधिकारियों ने निस्तारण का आश्वासन दिया।
वहीं, डीएम ने मातहतों के साथ सदरपुर में जनसुनवाई की। इस दौरान तीन शिकायती पत्र प्राप्त हुए। जिसमें से एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष दो शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
सिधौली में नायब तहसीलदार शशिबाला की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें आए पांच प्रार्थनापत्रों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान इंस्पेक्टर व राजस्वकर्मी मौजूद रहे।