पुरानी बाजार में साथी की मारपीट से नाराज सफाई कर्मियों ने कोतवाली का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। बाद में सफाई कर्मियों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की।
नगर पालिका परिषद महमूदाबाद में पुरानी बाजार निवासी मुरादी सफाई कर्मी के पद पर तैनात है। अधिशाषी अधिकारी के निर्देश पर शनिवार को सुबह 10 बजे रेलवे स्टेशन मार्ग पर हसन सभासद के मकान के पास मुरादी सफाई कर रहा था।
कुछ देर बाद मोहल्ले के ही अफजल पुत्र एत्सन ने घर से निकली मिट्टी सड़क पर डाल दी। मुरादी ने एतराज जताया तो अफजल ने अभद्रता की और पिटाई कर दी। निकट ही खड़े सफाईकर्मी मंजू, रंजीता आदि ने दौड़कर बीच-बचाव किया।
यह जानकारी जब अन्य साथी कर्मियों को हुई तो इन लोगों ने अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ अध्यक्ष संजय बाल्मीकि व सफाई बाबू अनिल शुक्ल के नेतृत्व में कार्य बहिष्कार कर दिया। नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की। उपनिरीक्षक अमित सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद बवाल थमा।