परिवारीजनों की सहमति पर सक्षम संस्था के पदाधिकारियों के साथ पहुंचे सीतापुर आंख अस्पताल के चिकित्सकों ने सफल ऑपरेशन कर दोनों कॉर्निया सुरक्षित कर ली हैं। इन कॉर्निया से दो लोगों के अंधेरे जीवन में उजाला भर सकेगा।
शहर की नई बस्ती में रहने वाले निर्मल कुमार वैश्य की मां शांति देवी (90) ने बीती नौ दिसंबर की रात अपने आवास पर अंतिम सांस ली। निधन के बाद सक्षम संस्था के सदस्यों ने उनके पुत्र निर्मल से नेत्रदान कराने की अपील की। इस पर परिवारीजनों ने सहमति प्रदान कर दी।
जिसके बाद संस्था के अध्यक्ष संदीप भरतिया व अक्षत अग्रवाल सीतापुर आंख अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने नई बस्ती पहुंचकर छोटा सा सफल ऑपरेशन कर उनकी दोनों कॉर्निया सुरक्षित कर लीं। ये कॉर्नियां किन्हीं दो नेत्रहीनों को नि:शुल्क लगाई जाएंगी। सक्षम संस्था के महामंत्री मुकेश अग्रवाल ने बताया कि संस्था द्वारा कराया गया यह 93वां नेत्रदान है। उन्होंने कहा समाज में नेत्रदान से बड़ा कोई दान नहीं है।