जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शहर की गुरुद्वारा गली में रहने वाले तीन परिवारों के सात लोग डेंगू की चपेट में हैं। इनमें से दो को लखनऊ के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक मोहल्ले में डेंगू के इतने मरीज मिलने से अन्य लोग दहशत में हैं। स्वास्थ्य महकमे ने डेंगू की पुष्टि नहीं की है।
शहर के तामसेनगंज वार्ड के मोहल्ला गुरुद्वारा वाली गली निवासी ललित कुमार श्रीवास्तव की पत्नी अंजू श्रीवास्तव (35) व उनके पुत्र उदित श्रीवास्तव (14) को बीते दो दिनों से बुखार आ रहा था। जिसकी वजह से परिवार के सदस्यों ने मां व पुत्र को शहर के एक प्राइवेट चिकित्सक को दिखाया।
जब दोनों की ब्लड जांच कराई गई तो मां व पुत्र दोनों में डेंगू पॉजिटिव मिला। डॉक्टर ने एक दिन इलाज किया और दोबारा प्लेटलेट्स काउंट कराई, तो गिरावट मिली। हालत बिगड़ते देख चिकित्सक ने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया।
अंजू को लखनऊ के विवेकानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इसी गली के शशिविंद श्रीवास्तव की पुत्री आयुषी श्रीवास्तव (18), पुत्र अनमोल (15), दिनेश श्रीवास्तव की पत्नी (40), पुत्री रिया श्रीवास्तव (12), ईशू श्रीवास्तव (14), राकेश श्रीवास्तव की पुत्री प्रियंका उर्फ प्रेरणा (20) को भी कई दिनों से बुखार आ रहा था।
मोहल्ले के दो लोगों को डेंगू होने पर आयुषी, अनमोल, रिया, ईशू, प्रियंका श्रीवास्तव व अनमोल का ब्लड चेक कराया गया। ब्लड जांच में डेंगू पॉजिटिव मिला। हालांकि इन लोगों का इलाज शहर के ही एक प्राइवेट चिकित्सक से कराया जा रहा है। एक ही गली में सात लोग डेंगू के चपेट में आने से मोहल्ले के लोग दहशत में हैं।