बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में सोमवार देर रात चोरों ने बिसवां कस्बे के मोहल्ला झज्जर में छह घरों को निशाना बनाकर जेवर, नकदी, मोबाइल समेत करीब सात लाख का माल पार कर दिया है। चोर एक घर से ही पौने सात लाख का माल ले गए, जबकि अन्य घरों से सोलर पैनल आदि ले गए हैं। घटना अंजाम देते वक्त एक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। उसने पैंट में तमंचा लगा रखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज का भी सहारा ले रही है।
बिसवां कोतवाली इलाके के मोहल्ला झज्जर निवासी गजेंद्र शुक्ला ने बताया कि उनके मकान में सोमवार रात करीब तीन बजे चोर मकान की छत से चढ़कर दाखिल हो गए। इसके बाद चोर कमरे से दो बक्से छत पर उठा ले गए। चोरों ने बक्से में रखे, सोने के हार, चेन, कंगन, झुमकी, अंगूठी, पाजेब सहित करीब छह लाख का जेवर, दो मोबाइल, 75 हजार की नकदी आदि पार कर ले गए। चोरों ने इसी मोहल्ले के राजेश तिवारी, रमेशचंद्र मिश्रा, विमलेश तिवारी, बबलू दीक्षित, रामू विश्वकर्मा के घरों में लगे सोलर पैनल आदि चोरी कर ले गए।
चोरों ने छह घरों से जेवर, नकदी आदि करीब सात लाख का माल चोरी कर ले गए। चोरी के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। चोर ने पैंट में असलहा लगा रखा है। घटनाओं की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच के साथ ही सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाल रही है। इंस्पेक्टर बिसवां इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके की जांच की गई। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।