मिश्रिख (सीतापुर)। नैमिषारण्य के पसियानाटोला में बुधवार को मामूली कहासुनी के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक गर्भवती महिला समेत सात लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
गांव निवासी गोविंद के मुताबिक सुबह के समय गांव के एक लोग अपने बालक को उनके घर के सामने नित्यक्रिया करा रहे थे। इस पर गोविंद की बहन ने ऐसा करने से मना कर दिया। कुछ बहस के बाद मामला शांत हो गया। शाम होने पर मोहल्ला निवासी रिंकू घर आया। उसने अपने साथी राजाराम, गगन, साेनू समेत छह लोगों ने गोविंद के घर में घुसकर उनके परिवार को बुरी तरह से पीट दिया।
वहीं दूसरे पक्ष की एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि शाम को वह घर में खाना बना रही थीं। तभी गोविंद व मोनू दोनों भाई उनके घर में घुसे और अश्लील हरकत की। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे गगनदीप, रिंकू पासी व दो महिलाओं को दोनों भाइयों ने पीट दिया। रिंकू व एक महिला का सिर फट गया।
मारपीट के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य पहुंचाया गया। दोनों पक्षों ने मामले की तहरीर दी है। सीओ मिश्रिख दीपक कुमार ने बताया कि दाेनों की पक्षों की तहरीर की जांच की जा रही है। बयान लिए गए हैं। केस दर्ज किया जाएगा।