सीतापुर। पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शांतिपूर्ण और सकुशल चुनाव कराने के लिए संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का चिह्नांकन का किया जा रहा है। इसके लिए सभी एसडीएम की अध्यक्षता में अफसरों की समिति गठित की गई है। मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए संबंधित स्थलों को चिह्नित करने की कार्यवाही संबंधित अफसर कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत व सदस्य जिला पंचायत के चुनाव के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। इस चुनाव में सबसे बड़ी चुनौती शांति व्यवस्था की होती है। मतदाता स्वतंत्र रूप से बिना भय के शांति से मतदान कर सकें, इसके लिए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों व बूथों का चिह्नांकन शुरू कर दिया गया है। इसके लिए डीएम विशाल भारद्वाज ने अफसरों की समिति गठित की है। सभी एसडीएम इसके अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
समिति में संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी उपाध्यक्ष, तहसीलदार सदस्य सचिव, तहसील के समस्त बीडीओ एवं थानाध्यक्ष सदस्य नियुक्त किए गए हैं। ये संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों व बूथों का चयन कर ब्यौरा देंगे। उसी के अनुसार मतदान के दिन संबंधित केंद्रों पर पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे।
पंचायत चुनाव में मतदान के बाद सबसे महत्वपूर्ण काम मतगणना का होता है। इसे शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से कराने के लिए मतगणना केंद्रों के चिह्नांकन की जिम्मेदारी सभी एसडीएम एवं बीडीओ को दी गई है। ये सभी राज्य निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार मतगणना केंद्रों को चिह्नित कर रहे हैं। लहरपुर ब्लाक में चिह्नांकन हो गया है।
चुनाव संबंधी कार्यों को मूर्त रूप देने के लिए जिला पंचायत एवं स्थानीय निकाय का दफ्तर देर शाम तक खुला रहता है। सहायक जिला निर्वाचन अफसर सुरेश प्रसाद के नेतृत्व में वरिष्ठ सहायक अमर नाथ यादव, कनिष्ठ सहायक सुनीता देवी व कम्प्यूटर ऑपरेटर अभिषेक शर्मा चुनाव संबंधी काम कर रहे हैं।
पंचायत चुनाव कराने में कर्मचारियों व अफसरों का अहम रोल होता है। ये ही मतदान से लेकर मतगणना कराते हैं। इसके लिए विभागों में कार्यरत कर्मचारियों का विवरण फीड किया जा रहा है। अभी तक 512 दफ्तरों के 26019 कर्मचारियों का ब्यौरा फीड किया जा चुका है जबकि प्रारूप-एक 504 दफ्तरों का कम्पलीट हो गया है। 435 कार्यालय फ्रीज्ड हो गए हैं। शेष की फीडिंग होनी है।
इस बार एक बूथ पर आठ सौ से अधिक मतदाता वोट नहीं डालेंगे। इस संबंध में आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही की जा रही है। यह कार्य अभी अधूरा है। मात्र नौ ब्लॉकों से इसकी सूचना भेजी गई है। दस ब्लॉकों का कार्य अधूरा है जबकि यह कार्य मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पूर्व किया जाना था। 22 जनवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। इस कार्य को पूरा करने के लिए डीएम ने कड़े निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव से संबंधित शासन की ओर से जो निर्देश प्राप्त हो रहे हैं, उनका अनुपालन किया जा रहा है। परिसीमन की कार्यवाही पूरी हो गई है। इसके बाद जिले में 1599 ग्राम पंचायतें रह गई हैं। वार्डों का गठन किया जा चुका है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत सुरेश प्रसाद ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में कर्मचारियों की फीडिंग, मतदान स्थलों का मतदाता संख्या के अनुरूप निर्धारण, संवेदनशील केंद्रों एवं मतगणना केंद्रों के चिन्हीकरण की कार्यवाही हो रही है।