सीतापुर। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को प्रोन्नति देने की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके तहत बीएसए की तरफ से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी कर 13 नवंबर तक इस पर आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया है। इसके बाद पद का निर्धारण करते हुए आगे की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक लंबे समय से प्रमोशन की मांग कर रहे थे। इस पर शासन ने कवायद प्रारंभ कर दी है। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक का जूनियर विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर प्रमोशन किया जाएगा। प्रमोशन सूची में वही शिक्षक शामिल होंगे, जिनकी सेवा पांच वर्ष पूरी हो गई हो। बीएसए के निर्देश पर ब्लॉकवार बीईओ ने सूची तैयार कर इसे बीआरसी पर चस्पा करवा दिया गया है। सूची को देखकर शिक्षक 13 नवंबर तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसमें शिक्षक अपनी नियुक्ति तिथि, जॉइनिंग तिथि, जन्मतिथि, नाम, पता सहित अन्य विवरण की जांच करेंगे।
बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि 13 नवंबर तक शिक्षक वरिष्ठता सूची पर बीईओ के माध्यम से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद आई आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद आगे की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।