रामगढ़ (सीतापुर)। खेत गया किसान सोमवार दोपहर एक जंगली जानवर देख सहम गया। वह काफी देर तक गन्ने के खेत में दुबका रहा। जंगली जानवर देखे जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी है।
संदना के पचरैया मजरा रघुनाथपुर तेंदुआ गांव निवासी गनेश सोमवार को गांव के पूर्व खेतों में घास काटने गया था।
इसी बीच उसे एक खेत में जंगली जानवर दिखाई दिया। वह घबरा गया और वह काफी देर तक गन्ने के खेत में दुबका रहा। किसान गनेश का कहना है कि कुछ देर बाद जानवर दक्षिण दिशा से उत्तर की ओर टहलते हुए निकल गया। तब उसने राहत की सांस ली। गांव पहुंचकर उसने लोगों को बताया। जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
गनेश ने बताया कि उसे दिखने वाला जानवर बाघ प्रतीत हो रहा था। पद चिह्न मिले हैं, लेकिन वन विभाग ने अभी तक बाघ होने की पुष्टि नहीं की है। जानकारी मिलने के बाद वन दारोगा एसएन शुक्ला का कहना है कि सूचना मिली है। टीम भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी।