बिसवां। क्षेत्र के टिकरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहे बिल्डर पर तहसील प्रशासन ने शिकंजा कसा है। बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी शिखा शुक्ला के निर्देश पर सरकारी जमीन पर निर्माण करवा रहे लखनऊ निवासी बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। लेखपाल करीमपनाह नितिन कुमार राव की तहरीर पर बिसवां पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
लखनऊ कमिश्नरेट के इंदिरा नगर निवासी मोहम्मद रहीस अहमद की जायना इन्फ्राटेक नाम से रियल स्टेट कंपनी है। आरोप है कि वह बिसवां के टिकरा गांव में नाली श्रेणी की भूमि गाटा संख्या 252 रकबा 0.117 हेक्टेयर और बंजर श्रेणी की भूमि गाटा संख्या 243 रकबा 0.1620 हेक्टेयर पर अवैध कब्जा कर निर्माण करवा रहे थे। लेखपाल की जांच में इन जमीनों पर 40 वर्ग मीटर (10x4) मीटर और 35 वर्ग मीटर (10x3.5) मीटर भूमि पर जायना इन्फ्राटेक का निर्माण व प्लाटिंग मिली। लेखपाल ने अपनी जांच रिपोर्ट में बताया कि अतिक्रमण के कारण ग्राम सभा की संपत्ति को क्षति हो रही है। कब्जे में फंसी सरकारी स्वामित्व की जमीन की बाजार कीमत करीब एक करोड़ के आसपास है।
एसडीएम शिखा शुक्ला ने बताया कि इस मामले में पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई थी। एक बार फिर से लेखपाल की तरफ से मिली अनाधिकृत निर्माण व प्लाटिंग की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। जल्द ही पुलिस व राजस्व की टीम निर्माणाधीन अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी तय करेगी।