सेक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज में आयोजित यूथ लेड सस्टेनेबल डेवलपमेंट कार्यशाला में विभिन्न वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों व विशेषज्ञों ने युवाओं में देश के विकास के प्रति समर्पण भाव जाग्रत किया। वर्तमान समय में बिगड़ रहे पर्यावरण संतुलन एवं उनके निदान के लिए दैनिक जीवनशैली में बदलाव की आवश्यकता भी बताई। समापन पर मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया।
मालूम हो कि कॉलेज में वनस्पति विज्ञान विभाग एवं राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान, तमिलनाडु के संयुक्त तत्वावधान में दो दिनी यूथ लेड सस्टेनेबल डेवलपमेंट कार्यशाला आयोजित की गई थी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रो. यशवंत सिंह ने युवाओं से देश के विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया। कॉलेज के प्रशासक फादर जॉनी पुरकट ने पर्यावरण संतुलन में बदलाव किये बिना भारत को विकसित देश बनाने के लिए प्र्रतिभागियों का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ‘भारत की जल समस्या’ विषयक निबंध लेखन प्रतियोगिता में सेक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज की सरिता देवी प्रथम, जीडीसी के अंकित कुमार द्वितीय तथा वाईडीसी लखीमपुर के ज्ञानेंद्र तृतीय स्थान पर रहे। ‘सतत विकास में युवाओं का योगदान’ विषयक शार्ट स्पीच में आचार्य नरेंद्र देव टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के कमलेश कुमार को प्रथम व आरएमपी कॉलेज के दिनेश पासवान को द्वितीय पुरस्कार मिला। स्लोगन राइटिंग में आरएमपी कॉलेज के दिनेश पासवान प्रथम, आचार्य नरेंद्र देव टीचर्स ट्रेनिंग कालेज की ममता देवी द्वितीय व आशीष चौधरी तृतीय स्थान पर रहे।
इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य फादर डैनी मैथ्यू, डॉॅ. अनुज सक्सेना, डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, गुंजन वर्मा आदि मौजूद रहे।