सीतापुर। थानगांव के राजपुर गांव के निकट करंट से दो लोगों की मौत के बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि संतोष का सोमवार को ही अंतिम संस्कार हो गया था। गुड्डू का मंगलवार को उसके गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें कि सोमवार को राजपुर व सुल्तानापुरवा के मध्य पुल के निकट सड़क के ऊपर से निकली एचटी लाइन डीजे वाहन से छू गई थी। पूरे वाहन में करंट फैलने के साथ आग लग गई थी। इससे सीपतपुर मजरा छेद्दूपुरवा निवासी पिकअप चालक गुड्डू यादव (40) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे गुड्डू के सहयोगी थौरा निवासी संतोष (30) ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। संतोष का शव शाम को समय से आ जाने के चलते उनका अंतिम संस्कार हो गया था। घटना के बाद सेवता विधायक ज्ञान तिवारी भी मृतकों के गांव पहुंचे थे। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया है।