सीतापुर। तंबौर के सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस के एक साथ 151 मरीज मिलने के बाद इलाके में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लगातार हेपेटाइटिस की जांच हो रही है। अब जांच में 77 मरीजों में हेपेटाइटिस के लक्षण मिले हैं। इस पर इन मरीजों का वायरल लोड जांच के लिए सैंपल जिला अस्पताल भेजा गया है। एक सप्ताह बाद जांच रिपोर्ट आने के बाद इलाज शुरू होगा।
सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस के एक साथ 151 मरीज मिलने के बाद इनका इलाज सीएचसी तंबौर से शुरू हुआ था। इसके बाद रुटीन जांच में हेपेटाइटिस को शामिल कर लिया गया था। सीएचसी अधीक्षक तंबौर डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि हेपेटाइटिस सी के छह व हेपेटाइटिस बी के 71 मरीज मिले है। मरीजों को एहतियात के तौर पर लक्षण के आधार पर दवा दे दी गई है। वायरल लोड जांच के लिए सैंपल जिला अस्पताल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इलाज शुरू करवाया जाएगा। ये मरीज तंबौर, लहरपुर, बेहटा, बिसवां व महराजनगर के हैं।
26 मरीजों का चल रहा है इलाज
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि सीएचसी के माध्यम से हेपेटाइटिस के 175 मरीजों का इलाज चल रहा था। इसमें 149 मरीजों ने तीन माह का कोर्स पूरा कर लिया है। इनकी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। 26 मरीज इस समय अपना इलाज करवा रहे हैं। इन मरीजों की हर माह निगरानी की जाती है।
बाहर के मरीजों को अब सीएचसी से मिलेगी दवा
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि हेपेटाइटिस के इलाज की व्यवस्था में परिवर्तन कर दिया गया है। अभी तक मरीज अगर लखनऊ व कहीं दूसरी जगह पर जांच करवाते थे तो उनका इलाज वहीं से चलता था। अब इस व्यवस्था में परिवर्तन कर दिया गया है। बाहर से जांच करवाकर आए मरीजों को अब यहां पर जांच रिपोर्ट दिखाने पर सीएचसी के माध्यम से ही इलाज हो सकेगा। मरीज को पूरी दवा दी जाएगी।
हो रही है स्क्रीनिंग
हेपेटाइटिस मरीजों की बराबर स्क्रीनिंग की जा रही है। जांच में पुष्टि होने पर जिला अस्पताल व सीएचसी तंबौर के माध्यम से इलाज करवाया जा रहा है।
डॉ. सुरेश कुमार, सीएमओ