सीतापुर। शहर के मुंशीगंज निवासी सलमान की हत्या के मामले में अभी पुलिस मुख्य आरोपियों की तलाश नहीं कर पाई है। तलाश में स्वाट सर्विलांस समेत तीन से अधिक टीमों को लगाया जा चुका है, जो अभी तक खाक छान रही हैं। हालांकि, मामले में अभी तक पांच लोगों को जेल भेजा जा चुका है।
बता दें कि चौधरीटोला निवासी रजत मिश्र व चुंगी पेट्रोल टंकी निवासी भैरव पर सलमान को गोली मारने का आरोप है। मामले में साजिश रचने के आरोपी नितेश त्रिवेदी, आफाक, नौशाद के साथ ही होटल में काम करने वाले दो अन्य आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है। मामले में कुल 10 लोगों के नामों को भी शामिल किया जा चुका है।
हालांकि, इसके बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस को नहीं मिल रहे हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों के करीबियों को भी खंगालने में जुटी हैं। लेकिन उसके जरिए भी कोई सफलता हाथ नहीं लग रही है। कई नंबरों की सीडीआर व अन्य इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों को जुटाया जा चुका है। इसके बाद भी घटना के तीन दिन बाद नतीजा सिफर ही है। सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।