कुतुबनगर। कस्बे के ठाकुर परशुराम सिंह इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर रविवार को कुतुबनगर जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। समाजसेवी बिजेंद्र चौहान ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन दो मैच खेले गए।
पहला मैच सल्लू एकादश गुरसंडा व जमुनापुर के मध्य खेला गया। इसमें जमुनापुर टीम के कप्तान आरिफ मिर्जा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जमुनापुर टीम ने 10 ओवर में नौ विकेट खोकर 68 रन बनाए। सल्लू एकादश ग़ुरसंडा टीम ने 9.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच सल्लू एकादश ग़ुरसंडा के खिलाड़ी असद रहे, जिन्होंने तीन ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए। रामशंकर ने असद को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
दूसरा मैच पार्थ एकादश व वजीरनगर के मध्य खेला गया। पार्थ एकादश टीम के कप्तान पार्थ चौहान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी वजीरनगर टीम ने 10 ओवर में नौ विकेट खोकर 92 रन बना बनाए। पार्थ एकादश की पूरी टीम 10 ओवर में मात्र 35 रन बनाकर आउट हो गई। मैन ऑफ द मैच वजीरनगर टीम के खिलाड़ी अफीक रहे, जिन्होंने 1.3 ओवर में दो रन देकर चार विकेट लिए। अभिनव चौहान ने अफीक को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। आयोजक अभिनव चौहान व अग्रज चौहान ने बताया कि यह टूर्नामेंट ग्रामीण युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया है।