सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहमहोली स्थित एक शराब दुकान के सेल्समैन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार के लोग अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। परिवार के लोगों ने शहर कोतवाली व शव विच्छेदन गृह पर हंगामा व प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
परिवार के लोगों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दुकान स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दरअसल लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के कोरवा गांव निवासी सुमेश (29) पुत्र रामनिवास की गुरुवार की रात सदर अस्पताल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
लखीमपुर निवासी मृतक के मौसा राकेश के मुताबिक सुमेश शहर कोतवाली इलाके में शराब की दुकान पर सेल्समैन था और रात में वहीं रहता था। ये दुकान सुनील जायसवाल की है। रात को सुमेश को पहले हरगांव सीएचसी में भर्ती कराया गया। उसके बाद जिला अस्पताल लाया गया।
जहां उसकी मौत हो गई। राकेश का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। रात को एक बजे दुकान स्वामी ने परिवार के लोगों को सूचना दी। यदि सुरेश को कुछ हुआ था तो उसे शाह महोली से हरगांव के बजाय जिला अस्पताल में भर्ती कराना चाहिए था।
आरोप है कि दुकान स्वामी की भूमिका संदिग्ध है। मृतक के साथ कोई अनहोनी हुई है। परिवार के लोगों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दुकान स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर परिवार के लोगों ने पहले शहर कोतवाली में प्रदर्शन किया।
उसके बाद शव विच्छेदन गृह पर भी हंगामा किया। यह लोग शराब दुकान स्वामी व मृतक के साथी पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।