झरेखापुर (सीतापुर)। सिधौली इलाके से खैराबाद क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल में परीक्षा देने आए छात्र ने एक स्कूल के एक शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि शिक्षक ने बेवजह पकड़कर उसकी पिटाई करा दी, जबकि उसके स्कूल से छात्र का कोई वास्ता नहीं था। छात्र की तहरीर पर खैराबाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताते हैं कि सिधौली इलाके के सेउढ़ी स्थित आईटीआई कॉलेज का छात्र वीरेंद्र अन्य छात्रों के साथ लखीमपुर रोड पर नानकारी के पास शिवम अग्रवाल मेमोरियल कालेज में परीक्षा देने आया था। बताते हैं कि छात्र स्कूल जाने वाले रास्ते पर खड़ा था।
आरोप है कि खुद को स्कूल का शिक्षक बताने वाले लक्ष्मण वहां पहुंचे और उन्होंने उससे खड़े होने की वजह पूछी। छात्र ने खुद को परीक्षार्थी बताया, लेकिन इसके बाद भी वह नहीं माने और कुछ लोगों से पकड़वा कर छात्र को बंद कराया और उसकी जमकर पिटाई की।
पिटाई के बाद छूटे छात्र ने अपने साथियों को जानकारी दी। जिसके बाद भारी संख्या में छात्र शाहमहोली चौकी पहुंचे। साथ ही मामले से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया गया। लेकिन घटनास्थल खैराबाद क्षेत्र का होने के कारण मामला खैराबाद भेजा गया। खैराबाद पुलिस का कहना है कि छात्र की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।