सीतापुर। हर ओर होली का उल्लास नजर आने लगा है। मेहमानों की आवभगत के लिए तरह-तरह के पकवान घरों में बनाए जा रहे हैं। वहीं बाजार भी ग्राहकों की भीड़ से गुलजार हैं। कचरी-पापड़ और नमकीन, बिस्किट की दुकान पर भीड़ अधिक है। दुकानों पर कई वैराइटी के कचरी-पापड़ और नमकीन उपलब्ध हैं। लोग अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
रंगों का पर्व होली 14 मार्च को है। होली की रौनक बाजार में छा गई है। सुबह से देर शाम तक बाजार में चहल-पहल नजर आ रही है। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। होली में रंग खेलने के बाद एक-दूसरे के घर जाकर बधाई देने की परंपरा है।
मेहमानों का कई तरह के पकवानों से स्वागत किया जाता है। इसकी तैयारियां लोगों ने शुरू कर दी हैं। घरों में चिप्स, पापड़ और कचरी बनाए जाने का काम तो किया ही जा रहा है, बाजार में भी इसकी खरीदारी तेज हो गई है। शहर के लालबाग बाजार, आंख अस्पताल मार्ग, डाकघर मार्ग, चुंगी चौराहा समेत कई जगहों पर चिप्स, पापड़, कचरी व नमकीन की दुकानें सज गई हैं। कई तरह की नमकीन, चिप्स, पापड़ इत्यादि दुकानों पर उपलब्ध हैं।
दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। कोई होममेड पसंद कर रहा है तो किसी को पैकेट वाली चिप्स, पापड़ व कचरी भा रही है। कई वैराइटी की नमकीन भी बाजार में उपलब्ध हैं। अपनी पसंद के अनुसार लोग खरीदारी कर रहे हैं। क्रॉकरी की दुकानों पर नाश्तेदान इत्यादि की खरीदारी भी बढ़ गई है। इसके अलावा घरों में पकवान बनाने के लिए किराना की दुकानों से मैदा, मसाला, मेवा आदि की खूब बिक्री हो रही है।
चावल की कचरी व केले का चिप्स लुभा रहे
कचरी, पापड़ के विक्रेता संजय बताते हैं कि कई तरह के उत्पाद बाजार में उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। होममेड चिप्स, पापड़ 200 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। कचरी 320 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध है। 100 ग्राम पैकेट में चिप्स 50 रुपये का जबकि मूंग का बड़ा पैकेट 200 रुपये में बिक रहा है। चावल की कचरी और केले के चिप्स भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं। चावल की कचरी 200 रुपये किलो और केले के चिप्स का 100 ग्राम का पैकेट 50 रुपये में उपलब्ध है। कई तरह के फ्लेवर वाले उत्पाद भी बाजार में हैं।
कई तरह की नमकीन बाजार में उपलब्ध
नमकीन विक्रेता विनय ने बताया कि बाजार में मखाने, मूंगफली व काजू मिक्स नमकीन उपलब्ध है। पापड़ी, लहसुन वाली नमकीन भी खूब पसंद की जा रही है। इसके साथ ही बेसन की सेम की भी काफी मांग है। मीठी नमकीन और पंजाबी तड़का भी लोग पसंद कर रहे हैं। बाजार में नमकीन-बिस्कुट की तमाम दुकानें लगी हैं। यहां 150 रुपये से 800 रुपये किलो तक की नमकीन उपलब्ध है। कई तरह के बिस्कुट भी 40 से लेकर 150 रुपये पैकेट तक मौजूद हैं।