सीतापुर। शिवरात्रि पर प्रमुख स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू रहा। शहर में श्यामनाथ मंदिर पर भारी भीड़ होती है। ऐसे में शनिवार रात 12 बजे से ही गोला की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को चुंगी चौराहे पर ही रोक लिया गया है।
यहां से वाहनों को लखीमपुर मार्ग पर जाने के लिए महोली मार्ग से गुजारा गया। इसी तरह से गोला की तरफ से आ रहे वाहनों को काजी कमालपुर में रोक लिया गया। इन्हें महोली होकर सीतापुर शहर की तरफ आने दिया गया।
बिसवां के पत्थर शिवाला मंदिर में भी भीड़ होती है। ऐसे में बहराइच से आने वाले वाहन बिसवां नहीं आने दिए गए। वाहनों को रेउसा थाना इलाके में ही रोककर महमूदाबाद की तरफ भेजा गया।
नैमिषारण्य में यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए हरदोई की सीमा पर ही रोककर दूसरे रास्तों से गुजारा गया। इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि श्रद्धालुओं के साथ कोई आपराधिक घटना न हो इसके लिए भी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।