सीतापुर। सिधौली कोतवाली इलाके में मेडिकल स्टोर के मालिक व उसके भतीजे से हुई लूट का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की रकम व असलहे आदि बरामद किया है। बदमाशों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
सिधौली के मनवा चौराहा स्थित अंसारी मेडिकल स्टोर के मालिक रजबुद्दीन व उनका भतीजा हारुन मंगलवार देर रात मेडिकल स्टोर बंद कर बाइक से अपने गांव अलबदा जा रहे थे। तभी रेलवे क्रॉसिंग के निकट सामने से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर बैग लूट लिया था। बदमाशों ने बाइक चला रहे हारुन को किसी धारदार हथियार से घायल कर दिया था।
बैग में 25 हजार रुपये नकदी, एक चेकबुक व हिसाब की डायरी थी। पुलिस ने सुराग लगाकर तीनों बदमाशों को मनवा-अतरौली मार्ग पर ग्राम बालजती में गोमती नदी के पुल के समीप से बुधवार शाम को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी नरायन तिवारी उर्फ छोटू निवासी नसीरापुर थाना कमलापुर, योगेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गगन निवासी नेवादा थाना कमलापुर व धनंजय तिवारी निवासी मुराऊखेरा थाना अटरिया के पास से लूट की रकम, बारह बोर व 315 बोर के दो तमंचे, एक कारतूस, एक खोखा सहित लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है। इंस्पेक्टर रामप्रकाश ने बताया कि तीनों बदमाशों पर लूट व हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बदमाशों को जेल भेजा गया है।