सीतापुर। सदर सांसद छह ब्लॉकों और एक निकाय में विभिन्न स्थानों पर अपनी निधि से 12 विकास कार्य कराएंगे। संबंधित गांवों में इंटरलॉकिंग रोड बनवाई जाएगी। साथ ही एक ब्लॉक में सीसी व केसी ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने कार्यों का विवरण भेजते हुए डीएम से कार्रवाई करने को कहा है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नामित किया है।
सांसद राकेश राठौर ने डीएम अभिषेक आनंद को 12 स्थानों पर आरसीसी, इंटरलॉकिंग, नाली, पुलिया निर्माण कार्य जनहित में कराने के लिए पत्र भेजा है। एलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत पीतपुर में इंटरलॉकिंग कराई जानी है। इसी ब्लॉक के ग्रामर क्लार्कनगर गोबरे पुरवा में सीसी रोड और इंटरलाॅकिंग निर्माण कार्य कराया जाना है।
इसी तरह महमूदाबाद ब्लॉक के ग्राम सरैंया में टीनशेड व इंटरलॉकिंग, रामपुर मथुरा ब्लॉक के पारा रमनगरा गांव में चंडी देवी मंदिर स्थल पर चबूतरा बनेगा। परसेंडी ब्लॉक के चिमला में सीसी रोड व केसी ड्रेन कार्य, रेउसा के ग्वारी गांव में इंटरलॉकिंग निर्माण कराना है। खैराबाद ब्लॉक के नरही में गांव में नाले के ऊपर पुलिया का निर्माण, यहीं के परसेहरा में खड़ंजा के संग एक अन्य कार्य किया जाएगा। नगर पालिका के मोहल्ला देवांशनगर में खड़ंजा व नाली निर्माण पुलिस लाइन के करीब सीसी रोड, पूर्णागिरि नगर में इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण कराया जाना है।