इन सड़कों के निर्माण से समूचे जिले में गड्ढ़ायुक्त संपर्क मार्ग समाप्त हो जाएंगे। इससे राहगीरों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। इनके निर्माण कार्य की शुरुआत जल्द होगी। जिले के संपर्क मार्गों की हालत बहुत ही खस्ताहाल हो चुकी है। कई सड़कें बनने के कुछ ही दिन बाद उखड़ने लगी है। वहीं कई कच्चे मार्ग बने हुए हैं।
इसकी वजह से इन मार्गों से निकलना राहगीरों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों ने सड़क बनवाने के लिए अपने सांसद व जनप्रतिनिधि से शिकायत दर्ज कराई थी। सीतापुर जिले के सभी सांसद व विधायकों की मांग पर शासन ने सड़कें बनवाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ऐसे में जिले में 481 किलोमीटर नई सड़कें बनवाई जाएगी।
यहां की नौ विधानसभा क्षेत्रों में अधिक सड़कें मिश्रिख विस क्षेत्र में बनाई जाएगी। यहां पर 71 मार्ग बनाए जाएंगे। जिनकी दूरी 110 किलोमीटर होगी। इस पर 1117 लाख रुपये बजट व्यय होगा। जबकि सबसे कम मार्ग लहरपुर विस क्षेत्र में बनेंगे। यहां पर 23 मार्गों केवल 27 किलोमीटर के होंगे। इन पर 257.73 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
समूचे जिले में सड़कों के निर्माण पर 4935 लाख रुपये व्यय होंगे। इससे जिले के मार्ग लकालक नजर आएंगे। शुक्रवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक साथ इन सभी सड़कों का शिलान्यास किया। वहीं जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद राजेश वर्मा ने बटन दबाकर इनके शिलान्यास किया।
बाद में उन्होंने कहा कि अब जल्द ही समूचे जिले में कोई भी सड़क गड्ढ़ायुक्त नहीं रहेगी। निर्माण के बाद यहां की सड़कों की सूरत बदल जाएगी। इससे जनता को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिलने लगेंगी।