हरगांव (सीतापुर)। कार्तिक मेला महोत्सव के तहत रविवार को राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष गफ्फार खान ने फीता काटकर दंगल का शुभारंभ किया। दंगल के पहले दिन तीन मुकाबले हुए। इसमें पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वी को चित करने के लिए खूब पसीना बहाया। हालांकि, दो कुश्तियां बराबरी पर रहीं। पहलवानों के दांव-पेंच देख रोमांचित दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह वर्धन किया।
दंगल में पहली कुश्ती पंजाब के शेरा पहलवान और जम्मू के रिजवान पहलवान के बीच हुई, इसमें रिजवान पहलवान ने शेरा को धूल चटाते हुए मैदान मार लिया। दूसरी कुश्ती वाराणसी के गोलू पहलवान और गाजीपुर के शमशेर पहलवान के मध्य हुई। इसमें काफी देर तक दोनों पहलवान एक दूसरे को शिकस्त देने के लिए पसीना बहाते रहे।
आखिर में यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीसरी कुश्ती नेपाल के मेवा पहलवान व राजस्थान के हलचल पहलवान के बीच हुई, यह मुकाबला भी बराबरी पर छूटा। इस अवसर पर सभासद शोएब खान, सभासद मंसूर, पवन कुमार, ओम पाल सिंह, कप्तान सिंह आदि मौजूद रहे।