जिला महिला अस्पताल में पैथालॉजी कक्ष के बाहर बिना सोशल डिस्टेसिंग के खड़ी व बैठी महिलाएं। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिला महिला अस्पताल में कोविड प्रोटोकॉल की अनदेखी हो रही है। मरीजों की लंबी लाइन लग रही है लेकिन मरीज सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से अस्पताल में संक्रमण फैलने का खतरा है।
अमर उजाला ने माई सिटी के अंक में ‘जिला अस्पताल में कोरोना प्रोटोकॉल की उड़ रही धज्जियां’ खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बुधवार को अमर उजाला टीम ने जिला महिला अस्पताल का रियलटी चेक किया तो वहां जिला अस्पताल जैसे ही हालात दिखाई दिए। मुख्य गेट पर गार्ड आने-जाने वालों को मास्क के लिए प्रेरित करते रहे।
जब अस्पताल की ओपीडी का हाल देखा तो यहां पर महिलाएं एक-दूसरे से सटकर लाइन में खड़ी मिली। कई महिलाएं मास्क भी नहीं लगाए थी। ओपीडी के बाहर बैठी आशा कार्यकर्ता भी बिना मास्क के अस्पताल परिसर में घूम रही थी। कुछ ऐसा ही हाल पैथालॉजी सेंटर पर भी दिखाई दिया। यहां पर भी महिलाओं की काफी भीड़ रही।