सीतापुर। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक कॉलेजों की शिक्षकों की समस्या अब दूर होगी। यहां पर सेवानिवृत्त शिक्षकों के सहयोग से पढ़ाई कराई जाएगी। यह शिक्षक एक बरस के लिए नियुक्ति किए जाएंगे। यह निर्णय नई भर्ती न होने व बाधित हो रही पढ़ाई को देखते हुए लिया गया है।
इससे चालू शैक्षिक सत्र में शिक्षा व्यवस्था पटरी पर लाई जाएगी। हर बरस सेवानिवृत्त होते शिक्षक, लगातार बढ़ती छात्र संख्या से सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज शिक्षकों की कमी से जूझ रहे है। जब कॉलेज में शिक्षक नहीं है तो पढ़ाई व्यवस्था बेपटरी हो रही है। इस समस्या को शासन ने गंभीरता से लिया है।
चालू शैक्षिक सत्र में बेहतर तरीके से पढ़ाई कराने का प्लान तैयार किया है। इस निर्णय के तहत सेवानिवृत्त शिक्षकों के सहारे पढ़ाई कराई जाएगी। यह शिक्षक एक बरस के लिए कॉलेज में नियुक्ति किए जाएंगे। प्रवक्ता पद के लिए 20 हजार व सहायक अध्यापक पद के लिए 15 हजार रुपये का मानदेय तय किया गया है।
इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा एक पूल का गठन किया जाएगा। इस पूल में चयनित शिक्षक रखे जाएंगे। जब भी किसी कॉलेज को शिक्षक की आवश्यकता होगी तो प्रबंधक के माध्यम से डीआईओएस को डिमांड दी जाएगी। इसके आधार पर पूल से शिक्षक कॉलेज को दिए जाएंगे।
इसके लिए वही शिक्षक आवेदन कर सकते है, जिनकी उम्र 70 बरस से कम हो। ऐसे शिक्षक अपने अभिलेख व सेवानिवृत्त का प्रपत्र लगाकर 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते है। इसके बाद इंटरव्यू के जरिए उनका चयन किया जाएगा।
इन कारणों के आधार पर होगी नियुक्ति
माध्यमिक शिक्षा विभाग का कहना है सहायक अध्यापक /प्रवक्ता के छह माह से ज्यादा अवकाश पर जाने, आकस्मिक निधन, सेवाच्युत किए जाने, अन्यथा पद रिक्त होने आदि कारणों से शिक्षक का पद रिक्त पाए जाने पर भरा जाएगा। चयनित शिक्षक के आने व एक जुलाई से गीष्म अवकाश होने की अवधि तक रखे जाएंगे।
शुरू होगी पढ़ाई
जिले में 54 सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज है। इन कॉलेजों में प्रवक्ता व सहायक अध्यापक के करीब 30 पद रिक्त चल रहे है। इन पदों पर नए सिरे से सेवानिवृत्त शिक्षकों को रखा जाएगा। इनके जरिए चालू सत्र में पढ़ाई कराई जाएगी।
कर दें आवेदन
सेवानिवृत्त दोबारा पढ़ाना चाहते है तो वह 15 जुलाई तक अपना आवेदन कर दें। कॉलेज की डिमांड के अनुसार उनको नियुक्ति किया जाएगा।
- नरेंद्र शर्मा, डीआईओएस