फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: ईवीएम से निकलेंगे नतीजे, सीतापुर को मिलेगा 18वां सांसद

Tue, 04 Jun 2024 03:44 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। 18वीं लोकसभा गठन को लेकर कयासों और दावों का शोर आज थम जाएगा। एपीटीसी व 11वीं वाहिनी पीएसी में मंगलवार की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। जनता ने किसे अपना सांसद चुना है, आज ईवीएम बताएगी। फैसला हो जाएगा कि लोकसभा के चुनावी रण में किस्मत आजमाने वाले किस धुरंधर के सिर पर जीत का सेहरा सजेगा। ईवीएम से नतीजे निकलने के साथ सीतापुर को 18वां सांसद मिल जाएगा। सीतापुर संसदीय सीट के अलावा मोहनलालगंज, मिश्रिख व धौरहरा के दायरे में आने वाली जिले की विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना भी होगी। यहां की चारों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस-सपा गठबंधन में सीधी टक्कर है। प्रत्याशी व समर्थक अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। वहीं, प्रशासन व पुलिस ने मतगणना की सारी तैयारियां चाक-चौबंद कर ली हैं।
विज्ञापन

चुनावी रण में जोर आजमाइश के बाद अब नतीजों का वक्त आ गया है। शहर के एपीटीसी व 11वीं वाहिनी पीएसी परिसर में मंगलवार की सुबह 8 बजे से मजबूत सुरक्षा घेरे में मतगणना शुरू हो जाएगी। मतगणना स्थल के अंदर सिर्फ वही अफसर, कर्मचारी, प्रत्याशी, एजेंट व पत्रकार प्रवेश कर पाएंगे, जिन्हें प्रशासन की ओर से पास जारी किए गए हैं।
मतगणना से जुड़े अफसरों के मुताबिक सुबह नौ बजे से रुझान आने लगेंगे। माना जा रहा है कि दोपहर दो बजे तक मतगणना पूरी हो जाएगी। प्रशासन ने वोटों की गिनती पूरी करने का लक्ष्य दो बजे तक का रखा है। इसके बाद वीवीपैट की पर्चियों से ईवीएम का मिलान किया जाएगा। आधिकारिक तौर पर शाम करीब सात बजे तक नतीजों का एलान किए जाने की योजना प्रशासन ने बनाई है। हर विधानसभा में 14-14 टेबलें लगेंगी।
विज्ञापन



सीतापुर विधानसभा क्षेत्र का नतीजा अंत में
सीतापुर लोकसभा सीट की पांच विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 461 बूथ विधानसभा सीतापुर में हैं। यहां की मतगणना सबसे अंत में समाप्त होगी। प्रति विधानसभा 14-14 गणना टेबल लगाई गई हैं। इस प्रकार एक राउंड में 14 बूथों की ही गणना हो पाएगी। जबकि विधानसभा सेवता की गणना सबसे पहले हो जाएगी। यहां सबसे कम 372 बूथ हैं। सेवता विधानसभा का परिणाम सबसे पहले आएगा।


राजेश, रेखा और कौशल लगाएंगे हैट्रिक या प्रतिद्वद्वी रोक देंगे विजयरथ
जिले के दायरे में आने वाली चार लोकसभा सीटों पर 39 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतगणना के साथ सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। दिलचस्प मुकाबला सीतापुर, धौरहरा व मोहनलालगंज लोकसभा सीट पर देखने को मिलेगा। दरअसल, सीतापुर से भाजपा के राजेश वर्मा, धौरहरा से रेखा वर्मा और मोहनलालगंज से कौशल किशोर तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। देखना दिलचस्प होगा कि यह धुरंधर हैट्रिक लगा पाएंगे या फिर प्रतिद्वंदी इनका विजयरथ रोकने में कामयाब होंगे। सीतापुर सीट पर भाजपा के राजेश वर्मा और गठबंधन के राकेश राठौर के बीच कांटे की टक्कर है। यहां से आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी तरह मोहनलालगंज में 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भाजपा के कौशल किशोर व गठबंधन के आरके चौधरी के बीच टक्कर है। धौरहरा में 12 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा की रेखा वर्मा व गठबंधन के आनंद भदौरिया के बीच कड़ा मुकाबला है। मिश्रिख में आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भाजपा के अशोक रावत व गठबंधन की सुनीता राजवंशी के बीच सीधा मुकाबला है।


यह रहेगा प्रतिबंधित
मतगणना स्थल एपीटीसी व 11वीं वाहिनी पीएसी के परिसर में किसी भी प्रकार के वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतगणना हाॅल में किसी भी अभिकर्ता, प्रत्याशी जनप्रतिनिधि व मतगणना कर्मी पानी की बोतल, मोबाइल, धूम्रपान की सामग्री माचिस, सिगरेट, बीड़ी, गुटखा आदि व अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं नहीं ले जा सकेंगे। मतगणना परिणाम अंकन के लिए सादा कागज व पेन साथ में ले जा सकते हैं।


सुबह छह बजे खुलेगा स्ट्रांग रूम
ईवीएम, वीवीपैट स्ट्रांग रूम सुबह छह बजे खुलेगा। इस दौरान प्रत्याशी या निर्वाचन अभिकर्ता उपस्थित रह सकते हैं। ईवीएम, वीवीपैट मशीनों को स्ट्रांग रूम से निकालकर मतगणना टेबल तक लाया जाएगा। प्रत्याशी, निर्वाचन एजेंट, मतगणना एजेंट की उपस्थिति में वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से प्रारंभ कर दी जाएगी। समस्त प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।


प्रवेश व वाहन खड़े करने की यह रहेगी व्यवस्था
विधानसभा महोली, हरगांव, व सिधौली के प्रत्याशी, निर्वाचन अभिकर्ता, मतगणना अभिकर्ता, कार्मिक व मीडिया से संबंधित कर्मी 11वीं वाहिनी पीएसी गेट नंबर एक सदर रोड से प्रवेश करेंगे। वाहन सदर बाजार मैदान में खड़े करेंगे। वहीं, विधानसभा सीतापुर, लहरपुर बिसवां, सेवता, महमूदाबाद व मिश्रिख के प्रत्याशी, निर्वाचन अभिकर्ता, मतगणना अभिकर्ता व कार्मिक केन्द्रीय आयुध भंडार सुदामापुरी रोड से प्रवेश करेंगे। वाहन 27वीं वाहिनी पीएसी मैदान में खड़े करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें