सीतापुर। रोजगार दफ्तर में पहली अप्रैल से प्रबंध प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का नवीन सत्र संचालित होगा। इसमें समूह-ग के पदों के लिए आयोजित होने वाली परीक्षाओं की तैयारी के लिए हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, टंकण, अशुलिपि हिंदी व सचिवीय पद्धति का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 22 मार्च तक आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ी जाति के शिक्षित अभ्यर्थियों के कौशल अभिवृद्धि व सेवायोजन के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए ऐसे अभ्यर्थी अर्ह होंगे जिनकी उम्र पहली अप्रैल 2022 को 18 से 35 वर्ष के बीच हो। कम से कम इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण हो और अन्य किसी संस्था में नियमित रूप से अध्ययनरत न हो। हाईस्कूल में अंग्रेजी विषय अनिवार्य है। इसके लिए 22 मार्च तक आवेदन करना है।
आवेदन पत्र का प्रारूप जिला सेवायोजन कार्यालय के सूचना पट पर देखा जा सकता है। आवेदन पत्र व्यक्तिगत या डाक द्वारा अंतिम तिथि को शाम पांच बजे तक जमा किया जा सकता है। प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए आवेदकों का साक्षात्कार जिला सेवायोजन कार्यालय के प्रांगण में 24 मार्च को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व 25 मार्च को अन्य पिछड़ी जाति का सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, बैंक पासबुक मूलरूप में और शैक्षिक प्रमाण पत्रों की एक-एक छायाप्रति साथ में लाना अनिवार्य है। यह जानकारी रोजगार सहायता अधिकारी ने दी है।