सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में 84 कोसी परिक्रमा मेला की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई। डीएम ने अफसरों को परिक्रमा मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि परिक्रमा मार्ग के समस्त मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाएं समय से पूरे कराएं। पड़ाव स्थलों पर समुचित प्रबंध किए जाएं। मोबाइल टाॅयलेट की भी पर्याप्त उपलब्धता हो। शौचालय व पेयजल की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
पड़ाव के मार्गों पर पड़ने वाली झाड़ियों और कंटीले तारों को समय से हटवाएं जाने को कहा। डीएम ने कहा कि 84 और पंचकोसी परिक्रमा क्षेत्र में बिजली की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मार्ग पर पड़ने वाले बिजली के जर्जर व लटके तारों को सही करा दिया जाए। सभी रूटों पर पार्किंग व्यवस्था के लिए स्थल चिन्हित करते हुए व्यवस्थाएं की जाएं।
मेडिकल शिविर में रहे पर्याप्त दवाएं और चिकित्सक
डीएम ने कहा कि मेडिकल शिविरों के लिए स्थलों का चयन कर लें। शिविर समय से स्थापित कराए जाएं। इन पर चिकित्सा अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती और दवाओं की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता होनी चाहिए। इसके साथ ही बाइक एंबुलेंस व सचल मेडिकल टीमों का भी पर्याप्त प्रबंध किया जाए। पुलिस चौकियों की समय से स्थापना सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। रैन बसेरे के लिए स्थान चिन्हित करते हुए वहां पर सभी जरूर व्यवस्थाएं की जाएं।
ढाबों पर सड़क किनारे खड़े होने वाले ट्रकों पर की जाए कार्रवाई
सीतापुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि ढाबों पर अवैध रूप से ट्रकों को सड़कों के किनारे खड़ा किया जा रहा है। ठंड व कोहरे के कारण हादसे हो सकते हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर दुर्घटना ज्यादा हुईं हैं, वहां ब्लैक स्पाट को चिह्नित कर सुरक्षात्मक उपाय किए जाए। गन्ना ढुलाई में प्रयुक्त होने वाले वाहनों में रिफ्लेक्टर अवश्य लगवा दिए जाए। ई रिक्शा चला रहे नाबालिगों पर कार्रवाई करें। साथ ही परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोस्टर बनाकर विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जाए। अवैध कट को बंद किया जाए।
सभी मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। साथ ही ट्रक चालकों एवं छोटे वाहनों के चालकों का भी स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराया जाए। डीएम ने कहा कि सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में बिना हेलमेट एवं बिना ड्राइविंग लाइसेंस के स्कूल में विद्यार्थी वाहन लेकर आ रहे हैं। अभियान चलाकर ऐसे छात्रों के परिजनों के खिलाफ कार्रवाई करें।