सीतापुर। डीआरएम मोनिका अग्निहोत्री ने इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन से पहले मुसाफिरों की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वे स्पेशल कोच से डालीगंज, मोहिबुल्लापुर होते हुए अटरिया, सिधौली पहुंची। वहां पर यात्रियों की सुविधा समेत रेल संचालन की व्यवस्थाओं जायजा लिया। यात्री सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
आवासीय कॉलोनी में सड़क व आवासों की स्थिति बेहद खराब मिली। इस पर नाराजगी जताई। उसे जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे लखीमपुर निकल गई। डीआरएम ने सीतापुर जंक्शन स्टेशन पर साफ-सफाई, सुरक्षा, संरक्षा, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, एटीवीएम, शौचालय, प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, बुकिंग कार्यालय, आरक्षण कार्यालय, स्टेशन मास्टर पैनल कक्ष निरीक्षण किया।
एकीकृत क्रू लाबी एवं रनिंग रूम तथा थाम्पसनगंज स्टेशन पर गुड्स साइडिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मालगोदाम ऑफिस, प्लेटफार्म, शेड्स, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व जल-निकासी आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, प्रसाधन, वेटिंग रूम, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन का निरीक्षण किया।
टीन शेड से टपकते पानी को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। रेलवे लाइन पर चहल कदमी कर रहे राहगीरों को देख इसकी रोकथाम के निर्देश मातहतों को दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. हरीश रैड़तौलिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंबर प्रताप सिंह, वरिष्ठ मंडल यॉत्रिक इंजीनियर सुधीर सिंह, राघवेंद्र कुमार, एके शुक्ला, जगन्नाथ मिश्रा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर डीके यादव आदि उपस्थित थे।
लोगों से सतर्कता बरतने की अपील
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने आम जनता से अपील की कि वह रेलवे लाइन पर गाड़ियों के संचालन के प्रति सतर्कता बरतें। हेडफोन व मोबाइल इयरफोन लगाकर रेलवे लाइन को पार न करें। अपने मवेशियों को रेलवे लाइन के आसपास खुले में न छोड़ें।