सीतापुर। नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर जिला प्रशासन सीतापुर को 1.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली है। यह उपलब्धि आकांक्षी विकासखंड बिसवां में कृषि क्षेत्र में किए गए बेहतर कार्यों और प्रदर्शन के आधार पर मिली है।
पुरस्कार में मिली इस धनराशि का उपयोग आकांक्षी विकासखंड बिसवां में सहकारिता क्षेत्र के विकास और उन्नयन के लिए किया जाएगा।
इसके तहत सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने, उनकी कार्यप्रणाली में सुधार करने और किसानों को सहकारिता के माध्यम से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इस राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही किसानों को मिलने वाली सेवाओं का विस्तार करने का अवसर मिलेगा। इससे कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में भी मदद मिलेगी।नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य विकास के विभिन्न मानकों पर पिछड़े क्षेत्रों की स्थिति में सुधार लाना है। कृषि क्षेत्र में बिसवां का उत्कृष्ट प्रदर्शन जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।