सीतापुर। जिले के 6.28 लाख राशनकार्ड धारक सत्यापन कराने में फिसड्डी साबित हो रहे हैं। ई केवाईसी के अभाव में उन्हें राशन देना संभव नहीं होगा। जिला पूर्ति कार्यालय ने इस मामले का संज्ञान लेकर अपील की है कि सभी राशनकार्ड धारक अपनी ई केवाईसी 30 जून तक अवश्य करवा लें।
जिला पूर्ति कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार जिले के 6,28,394 कार्डधारकों ने ई केवाईसी नहीं कराई है। इनमें नगरीय क्षेत्र के 40,664 लाभार्थी और ग्रामीण क्षेत्र के 5,87,730 लाभार्थी शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 3,29,249 कार्डधारक भी शामिल हैं। यानि इस आयु वर्ग में शामिल ग्रामीण क्षेत्र के 3,04,683 और नगरीय क्षेत्र के 24,566 लाभार्थियों ने लापरवाही वश ई केवाईसी नहीं कराई है।
जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह कार्डधारक जब इस बार राशन लेने जाएं तो अपने राशनकार्ड में दर्ज सभी यूनिटों का सत्यापन भी करवा लें। यदि 30 जून से पूर्व ऐसा नहीं किया गया तो मजबूरन इनके राशन की अगली किस्त रोकनी पड़ेगी।
कोटेदार भी करें समीक्षा
जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वह लाभार्थियों का सत्यापन कराएं। दुकान से संबद्ध कोई भी लाभार्थी ई-केवाईसी के लिए शेष न रह जाए। 30 जून तक प्रत्येक दशा में लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो जाए। साथ ही सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक भी अपने क्षेत्र में अपात्र, विस्थापित, मृतक यूनिटों को निरस्त करें। पोर्टल से लाभार्थियों की सूची लेकर ई केवाईसी न कराने के कारणों की समीक्षा भी की जाए।
यहां सर्वाधिक डिफॉल्टर
सीतापुर नगर पालिका क्षेत्र- 11,312
रेउसा- 41,668
बेहटा- 38,760
बिसवां- 38,329
गोंदलामऊ- 34,698
मछरेहटा- 33,547
मिश्रिख- 33,592
सकरन- 33,225