संवाद न्यूज एजेंसी खैराबाद (सीतापुर)। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के आह्वान पर कोटेदारों ने रविवार से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। रविवार को सरकारी राशन की दुकानों पर तालाबंदी नजर आई। शासन की ओर से 20 जुलाई से नि:शुल्क राशन का वितरण किए जाने के निर्देश जारी किए गए थे। ऐसे में राशन लेने कोटे पर पहुंचे कई कार्डधारक वहां ताला लटका देखा। वह मायूस होकर लौट गए।
जिले में सरकारी राशन की करीब 1832 दुकानें हैं। एसोसिएशन का दावा है कि सभी कोटेदार हड़ताल पर हैं। तीन दिन तक हड़ताल चली तो जिले के लगभग आठ लाख कार्डधारक प्रभावित होंगे। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शाॅप डीलर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव अशोक सिंह ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर 20 जुलाई से तीन दिवसीय प्रदेश व्यापी हड़ताल है।
उन्होंने बताया कि कोटेदारों को लाभांश खाद्यान्न पर 90 रुपये और चीनी पर 70 रुपये प्रति क्विंटल मिलता है। हरियाणा, गुजरात, दिल्ली आदि में 200 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाता है। यूपी के कोटेदार भी लंबे समय से लाभांश समान दिए जाने की मांग कर रहे हैं। पांच महीने से कमीशन नही मिला है। राशन दुकानदारों की दुकान तक राशन पहुंचाने का नियम है, उसका भी पालन नहीं किया जा रहा है। कहा कि कोटेदारों की मांगें न मानी गईं तो अनिश्चितकालीन बंदी होगी।