सीतापुर में पिसावां इलाके के नेवादा गांव के खेतों में दिखा दुर्लभ जीव। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
पिसावां (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण के खेत में दुर्लभ जीव दिखने से हड़कंप मच गया। वन विभाग मामले की जानकारी से इंकार कर रहा है। देखे गए जीव का नाम सल्लू सांप तो कुछ लोग पैंगोलीन बता रहे हैं। इसे देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। जीव लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है।
पिसावां थाना क्षेत्र के नेवादा निवासी राम स्वरूप ने बताया कि उनके गन्ने के खेत में रविवार को एक दुर्लभ जीव (सल्लू सांप) को गांव के ही लच्छू ने देखा था। इसकी जानकारी उसने गांव वालों को दी। जिसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक इस तरह का जीव कभी दिखाई नहीं पड़ा। गांव के पूर्व प्रधान शोभाराम ने सांप को देखकर बताया कि यह जीव (सल्लू सांप) के नाम से जाना जाता है। यह जीव किसी तरह की हानि नहीं पहुंचाता। इस तरह के जीव क्षेत्र में कम ही दिखाई पड़ते हैं। पूर्व प्रधान अनीश ने ग्रामीणों की मदद से मूडाखुर्द गांव के भूप के बाग में जीव को छोड़ दिया है। क्षेत्र के लोगों ने गूगल पर सर्च कर देखा तो इस दुर्लभ जीव का नाम पैंगोलिन है। यह जीव चींटी या दीमक को अपना भोजन बनाता है। इस विषय पर वन रक्षक राजनाथ ने बताया कि किसी व्यक्ति द्वारा जीव मिलने की सूचना नहीं दी गई।