सीतापुर। सदर विधानसभा क्षेत्र की महिला ने सीतापुर के कांग्रेस सांसद राकेश राठौर पर यौन शोषण का आरोप लगाकर शनिवार को सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार सांसद शादी का झांसा देकर चार वर्ष से यौन शोषण कर रहे थे। उन्होंने जिलाध्यक्ष बनाने का आश्वासन दिया था।
कहा था कि जीवनसाथी बनाकर रखूंगा, लेकिन अब किनारा कर रहे हैं। सांसद ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि झूठे मुकदमे की साजिश पुलिस अधीक्षक ने रची है। एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
पीड़िता ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में पुलिस को कॉल रिकार्डिंग उपलब्ध कराई है। उसने बताया कि सांसद धमकी दे रहे हैं। वह अपने साथ हुए अन्याय की लड़ाई लड़ना चाहती है। सदर कोतवाल अनूप शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धारा 64 (दुष्कर्म), 351 (3) (धमकी) व 127 (2) (गलत तरीके से रोकने) के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। कोर्ट में कलमबंद बयान में उसने घटना की पुष्टि की है।
सांसद ने आरोपों को नकारा, कहा-पुलिस अधीक्षक ने रची साजिश
सांसद, राकेश राठौर ने कहा कि मुकदमे की पटकथा पुलिस अधीक्षक सीतापुर चक्रेश मिश्र ने खुद ही लिखी है। पिछले दिनों प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस व भूमाफिया के गठजोड़ को उजागर किया था। यह उसी का बदला है। चार वर्ष पूर्व एक मिथ्या आरोप को मुकदमे का आधार बनाया गया है। सभी आरोप निराधार हैं।
पीड़िता के आरोप के अनुसार, सांसद से उसकी पहली मुलाकात वर्ष 2018 में हुई। तब वह भाजपा से विधायक थे। उस दौरान अपने संरक्षण में राजनीतिक भागीदारी का प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकार करते हुए उनके साथ काम करने लगी। कुछ समय बाद तैलिक महासंघ का महिला जिलाध्यक्ष बनवाकर निकटता बढ़ा ली। मार्च 2020 में दोपहर करीब एक बजे राकेश राठौर के बुलाने पर उनके घर गई, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर राजनीतिक प्रभाव दिखाकर भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल किया। वर्ष 2024 में सांसद चुने गए। 24 अगस्त को सुबह करीब नौ बजे घर बुलाया और जबरन सादे कागज पर हस्ताक्षर कराकर कहा कि जैसे संबंध चल रहे हैं, वैसे ही चलते रहने चाहिए।
घर पर नहीं मिले सांसद
केस दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस शनिवार को कई बार सांसद के लोहारबाग स्थित आवास पर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिले। आवास पर सन्नाटा रहा। प्रतिसार निरीक्षक शिवबालक वर्मा के मुताबिक सांसद की सुरक्षा में तैनात गनर अभी तक उनके पास ही है।
सांसद के घर पसरा सन्नाटा सोशल मीडिया पर सरगर्मी
सीतापुर। कांग्रेस सांसद राकेश राठौर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। शनिवार को सांसद के विजय लक्ष्मी नगर स्थित घर पर सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस की गाड़ियां जैसे ही सांसद के घर पहुंची तो मोहल्ले के लोग बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर सरगर्मी बढ़ गई है।
सांसद राकेश राठौर पर दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की खबर जैसे ही मोहल्ले में पहुंची लोग अवाक रह गए। उनके घर पर सन्नाटा पसर गया। कुछ देर बाद केस के विवेचक शहर कोतवाल अनूप शुक्ल ने सांसद के घर पर पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस की गाड़ियां सांसद के आवास पर पहुंचीं तो लोग तरह-तरह के कयास लगाने लगे।
हालांकि बताते हैं कि कोतवाल परिजनों से बातचीत कर चले गए। उधर, मुकदमा दर्ज होने के बाद सांसद के फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की गई। इसमें लिखा गया कि सीतापुर सांसद राकेश राठौर को उल्लिखित करते हुए एक प्रेस नोट सीतापुर प्रशासन द्वारा प्रकाशित किया गया। जिसमें उनके ऊपर अनेक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्ट में लिखा गया है कि राजनीतिक षडयंत्र के तहत सांसद की छवि को धूमिल करने की साजिश की गई है। सांसद के इस पोस्ट पर उनके समर्थकों ने दो सौ से अधिक कमेंट किए हैं।