सीतापुर के जेल रोड के निकट रक्षाबंधन पर राखी बांधती बहनें ।
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। भाई-बहन के अटूट स्नेह का पर्व रक्षाबंधन सोमवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारने के बाद कलाई पर राखी बांधकर दीर्घायु की कामना की। वहीं, भाइयों ने बहनों को गिफ्ट देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। रक्षाबंधन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि कोरोना संक्रमण की वजह से कई बहनें अपने भाइयों के घर नहीं पहुंच पाई थीं, लेकिन डाक अथवा अन्य माध्यमों से उनकी राखी जरूर पहुंच गई थी। ऐसे में बहनों ने भाइयों को वीडियो काल से रक्षाबंधन की बधाई दी। इस दौरान बहनों ने भाइयों से रक्षा के साथ कोरोना से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने का वचन भी लिया।
सावन की पूर्णिमा के मौके पर रक्षाबंधन पर्व शहर से लेकर गांव तक उत्साह के साथ मनाया गया। इस बार कोरोना महामारी की वजह से दूर रहने वाली कई बहनें अपने भाई के घर तक नहीं पहुंच पाईं। संक्रमण का खतरा देखते हुए कई बहनों को उनके भाइयों ने ही सफर करने से मना कर दिया था। इसलिए बहनों ने डाक, कोरियर आदि के जरिए राखी भेज दी थी। इन सब एहतियातों के बाद भी सोमवार की सुबह से बाजार में खासी भीड़ नजर आई। बहनों ने मिठाई और राखी की खरीदारी की। जिन बहनों के भाई आसपास के जिलों में रहते हैं, वह बस या निजी वाहन से रवाना हो गईं।
सोमवार की सुबह से रोडवेज की बसों में पिछले दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रही। भाइयों के घर पहुंचकर बहनों ने राखी बांधकर लंबी उम्र की दुआ मांगी। भाइयों ने भी उपहार देने के साथ बहनों की सुरक्षा का संकल्प लिया। लहरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, नगर के प्रमुख खत्रियाना बाजार के हॉटस्पॉट होने से वहां बंदी रही। आवागमन प्रतिबंधित होने से वहां रहने वाले भाइयों को उनकी बहनें राखी बांधने नहीं जा सकीं।