बादलों की मेहरबानी से रविवार को पूरे दिन कभी मूसलाधार तो कभी रिमझिम फुहारें बरसती रहीं, जिससे मौसम सुहाना हो गया। तापमान में गिरावट से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि जलभराव व गलियों में कीचड़ ने परेशानी बढ़ा दी।
रविवार सुबह से ही मौसम के मिजाज बदले नजर आने लगे थे। बादलों के बीच करीब दस बजे फुहारें शुरू हुई तो बच्चे भीगकर आनंद लेने लगे। इसी बीच मूसलाधार बारिश होने लगी, जिसके चलते मौसम सुहाना हो गया। पूरे दिन कहीं फुहारें पड़ती रहीं तो कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इससे लोग परेशान रहे। दिन भर रुक-रुककर होने वाली बारिश और बादल छाए रहने से पिछले चौबीस घंटे के मुकाबले पारा दो डिग्री लुढ़क गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सोमवार को तेज बारिश की संभावना है।