सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र सोमवार को 152 केंद्रों पर पहुंचा दिए गए। इन केंद्रों पर 16 फरवरी से परीक्षाएं होंगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्र एक साथ भेजे गए हैं।हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर उत्तपुस्तिकाएं पहले ही केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। जीआईसी सीतापुर में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इस स्ट्रांग रूम में सुबह के समय डीआईओएस व भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रत्येक केंद्र तक प्रश्नपत्र पहुंचाने के लिए पहले से ही रूट चार्ट तय कर लिया गया था। प्रत्येक रूट पर एक शिक्षक को प्रभारी बनाया गया था।
152 केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को पहले ही केंद्र पर मौजूद रहने के निर्देश जारी किए गए थे। सुबह 11 बजे के करीब स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्र एक साथ निकाले गए। इसके लिए 12 वाहन बुलाए गए थे। प्रत्येक वाहन पर दो पुलिसकर्मी, एक प्रभारी सहित छह लोगों के स्टॉफ को भेजा गया। यह वाहन पूरी तरह से प्रश्नपत्रों का मिलान करने के बाद रवाना हो गए। जिस रूट पर प्रश्नपत्र जा रहे थे, उस रूट के थाना प्रभारी को पहले ही सुरक्षित स्कूल तक पहुंचाने के निर्देश दिए जा चुके थे।
परखा गया कंट्रोल रूम
यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए डीआईओएस ऑफिस में कंट्रोल रूम बनाया गया था। इस कंट्रोल रूम को सीधे लखनऊ मुख्यालय से जोड़ दिया गया है। सोमवार को लखनऊ से 152 केंद्रों की मॉनीटरिंग की गई। इसमें खासकर पांच अतिसंवेदनशील व 21 संवेदनशील केंद्रों को देखा गया।
यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र सुरक्षा के बीच केंद्रों पर पहुंच गए है। उत्तरपुस्तिकाएं पहले ही भेजी जा चुकी है। अब सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी हो गई है।
- राजेंद्र सिंह, डीआईओएस